उन्नाव। उन्नाव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महिला वेटिंग रूम में टोंटी टूटी होने, शौचालय में गंदगी देखकर भड़क उठे। स्टेशन मास्टर व आईओडब्ल्यू (इंस्पेक्टर ऑफ वर्क) को सस्पेंड करने के लिये कह दिया। साथ ही तुरंत लिखित में चार्ज दूसरे को देने और लखनऊ पहुंचने के लिए कहा।
जब कुछ देर बाद गुस्सा शांत हुआ तो उन्होंने दोनों को नसीहत देकर ही काम चला लिया। इसके बाद प्लेटफार्म एक, दो व तीन और टिकट वितरण के काउंटर का निरीक्षण किया। परिसर में आवारा पशुओं को देख इनकी रोकथाम के निर्देश दिए।
गुरुवार को करीब साढ़े ग्यारह बजे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अश्विनी कुमार उन्नाव रेलवे स्टेशन पहुंचे। निरीक्षण के दौरान महिला वेटिंग रूम में खराब टोंटी देख उन्होंने स्टेशन मास्टर से जब न बदलने का कारण पूछा तो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। स्टेशन मास्टर ने जब आईओडब्ल्यू को मेमो देने की बात कही तो वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक का गुस्सा आसमान पर पहुंच गया।
कहा कि जब पिछली बार आए थे तब भी टोंटी खराब थी और अभी भी खराब पड़ी है। बदलवाने की जिम्मेदारी किसकी है। इस पर स्टेशन मास्टर व आईओडब्ल्यू एक दूसरे पर जिम्मेदारी डालने लगे। इसी पर वह भड़क गए और दोनों सस्पेंड कर दिया और कहा कि तुरंत चार्ज लिखित में दूसरे को दो। इसके बाद लखनऊ आओ। उन्होंने दौरा बीच में छोड़ दिया और कहा वापस चलो।
फिर साथ आए अधिकारियों के मनाने पर उन्होंने प्लेटफार्म नंबर-1, 2, 3 का निरीक्षण किया। स्टेशन पर आवारा जानवर देखकर उन्होंने मुख्य प्रवेश द्वारा पर लगे पाइप की संख्या बढ़ाने को कहा ताकि जानवर अंदर प्रवेश न कर सकें। इसके बाद उन्होंने प्लेटफार्म एक पर पानी की व्यवस्था के विषय में यात्रियों से जानकारी ली और देखा कि पानी ठंडा है कि नहीं।
प्लेटफार्म दो व तीन पर जाते समय सीढ़ियों को ठीक कराने के निर्देश दिए। प्लेटफार्म दो व तीन का निरीक्षण किया तो सफाई निरीक्षक ने उन्हें बताया कि यहां पर भिखारियों की संख्या अधिक है और यह लोग प्लास्टिक की बोतलें नालियों में डाल देते हैं। जिससे वह जाम हो जाती हैं। इतना सुनते ही उन्होंने आरपीएफ के जवानों से कहा कि लखनऊ में अभियान चलाकर करीब साढ़े चार सौ भिखारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने तुरंत आरपीएफ व टीटी को चेकिंग के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने टिकट खिड़की का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां पर लगे पोस्टरों को हटाने के निर्देश दिए।
सफाई निरीक्षक ने उन्हें पानी की टंकी के ओवर फ्लो से पानी परिसर में भरने की बात बताई। उन्होंने टंकी चलाने वाले कर्मचारी से पूछा तो उसने बताया कि गेज खराब है। इस पर उन्होंने गेज बदलने के निर्देश दिए। इस दौरान स्टेशन मास्टर विश्राम, आईओडब्ल्यू शैलेंद्र कुमार, संजय सिंह, रंजीत सिंह, राकेश कुमार, बीके श्रीवास्तव, ज्योत्सना शुक्ला आदि मौजूद रहे।