उन्नाव/शुक्लागंज। तेज धूप से दिन में तो राहत मिली, लेकिन रात में गलन सितम ढा रही है। हाथ-पैर की उंगलियों में सूजन आने लगी है। सूर्यास्त के साथ ही ठंड का प्रकोप बढ़ जाता है।
पिछले दो दिनों से तेज धूप निकल रही है। कोहरे का भी असर काफी कम हो गया है। इसके बाद भी गलन कम नहीं हो रही है। गुरुवार को भी हवाओं ने गलन में इजाफा कर दिया।
दिनभर तो लोग घरों की छतों व पार्कों आदि पर धूप का आनंद लेते रहे लेकिन जैसे ही शाम 5 बजे के बाद सूर्यास्त हुआ लोग घरोें में दुबक गए। आग जलाकर उसके पास बैठकर खुद को गर्म करते रहे।
क्रिसमस पर्व की छुट्टी के चलते सड़कों पर सन्नाटा रहा। हालांकि धूप निकलने से बाजारों में रौनक दिखी। लोग जरुरी वस्तुओं की खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे। धूप के चलते बाजारों में भी खूब चहलपहल रही। शहर के निराला उद्यान में भी बच्चे उछलकूद करते रहे। युवा व बुजुर्ग पार्क में बैठकर तेज धूप का आनंद लेते रहे।
ठंड बढ़ने से बढ़ी अलाव के स्थानों की संख्या
उन्नाव। लगातार बढ़ रही ठंड व गलन के चलते पालिका प्रशासन ने शहर में अलाव के स्थानों की संख्या बढ़वा दी है। अभी तक क्षेत्र के दो दर्जन स्थानों पर जल रहे अलाव की जगह अब शहर के 50 प्वाइंटों पर अलाव के लिए लकड़ियां डलवाई गई हैं।
पालिका ईओ रोली गुप्ता ने बताया कि शहर के बड़ा चौराहा, छोटा चौराहा, मोती नगर, बाबूगंज, जिला अस्पताल, रेलवे स्टेशन, बस स्टाप, कचहरी रोड, आवास विकास तिराहा, बाईपास चौराहा सहित लगभग 50 से अधिक स्थानों पर अलाव जलवाने की व्यवस्था की गई है।