उन्नाव। सफाई कर्मियों ने मंगलवार को जुलूस निकालकर नारेबाजी की। नेतृत्व उप्र सफाई कर्मचारी संघ कर रहा था। किसी भी प्रकार के हंगामे की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल के तैनात रहा। तीन दिनों से सफाई न होने से शहर के मुख्य मार्ग पर कूड़ा फैला पड़ा है।
वेतन को लेकर संविदा सफाई कर्मी चार दिन से हड़ताल पर हैं। कर्मचारियों का कहना था कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती तब तक यह धरना जारी रहेगा। इसमें सुबह से ही सफाई कर्मचारी पालिका परिसर पहुंचे और शहर में जुलूस निकालने की तैयारी करने लगे।
इसकी जानकारी जब कोतवाली पुलिस को हुई तो कोतवाली प्रभारी सुरेश कुमार गौतम भारी पुलिस बल के साथ पहुंच गए। कोतवाल ने सुरक्षा बलों को पालिका परिसर के भीतर ही बुलवा लिया। तब जाकर सफाई कर्मचारियाें का हंगामा कुछ कम हुआ। कोतवाल की अगुवाई में चल रहे पुलिस बल के पीछे-पीछे कर्मचारियों का जुलूस शांति पूर्वक चलता रहा और यह अचलगंज तिराहे पर जाकर समाप्त हो गया।
वहीं बीते तीन दिनों से सड़कों, गलियों व नालियों की साफ-सफाई न होने से शहर के चाराें ओर गंदगी व कूड़े के ढेर लगे रहे। जुलूस में उप्र सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राजकमल धानुक, बाबादीन धानुक, अशोक धानुक, निहाल असगर, महेश, रमेश, अशोक भारती सहित सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।