उन्नाव। बाईपास स्थित स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रतियोगिता हुई। गोला फेंक, दौड़, भाला फेंक, ऊंची कूद आदि खेलों में 200 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। 1500 मीटर बालिका वर्ग दौड़ में सरोज और बालक वर्ग में अंश सिंह ने फर्राटा भरा।
विजयी प्रतिभागियों को प्रतीक चिह्न और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में गुरुवार को जिलास्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ एसोसिएशन के अध्यक्ष रण विजय सिंह और जिला क्रीड़ा अधिकारी मुकेश सब्बरवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। 100 मीटर दौड़ में अंशू कुमार ने बाजी मारी। दो सौ मीटर में शुभम, 400 मीटर में शैलेंद्र और 1500 मीटर में अंश सिंह अव्वल रहे।
वहीं, बालिका वर्ग में 100 व 200 मीटर दौड़ में वार्तिका और 1500 मीटर में सरोज ने बाजी मारी। इसके अलावा गोला फेंक में विशाल, भाला फेंक में दिवाकर, लंबी कूद में शिवम और चक्का फेंक में अचल सिंह अव्वल रहे। विजयी प्रतिभागियों को जिला युवा कल्याण अधिकारी शिवराम सिंह ने प्रतीक चिह्न व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान प्रतियोगिता के संयोजक सोनू सिंह, सौरभ सिंह, कुशमेश कुमार, गौरव आदि मौजूद रहे।ो