उन्नाव। अमृत योजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन टेस्टिंग के दौरान स्टेशन रोड बाजार में फट गई। हजारों लीटर पानी सड़क पर बहने से जलभराव हो गया। सूचना पर जल निगम के सहायक अभियंता ने जलापूर्ति बंद कराकर मरम्मत शुरू कराई।
अमृत योजना के तहत पूरे शहर में बिछाई गई भूमिगत पाइप लाइनें टेस्टिंग में ही जवाब दे रही हैं। काम में लापरवाही बरते जाने और गुणवत्ता अच्छी न होने से पानी छोड़ते ही लाइन में लीकेज हो रहे हैं। गुरुवार दोपहर पानी का प्रेशर पड़ते ही स्टेशन रोड पर बिछाई गई भूमिगत पाइप लाइन से पानी का तेज बहाव शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरी सड़क और पुल के नीचे तक पानी भर गया। पानी दुकानों में पहुंचना शुरू हो गया। पुल के नीचे दुकान लगाए लोगों ने अपना सामान समेट लिया।
इस दौरान सड़क पर यातायात भी प्रभावित हो गया। लोगों ने इसकी सूचना जल निगम के अधिकारियों को दी। इसके बाद जलापूर्ति बंद की गई। करीब एक घंटे बाद पानी का रिसाव कम हुआ। जल निगम के सहायक अभियंता सुनील कुमार ने बताया कि पाइप लाइनों की टेस्टिंग की जा रही है। स्टेशन रोड पर टेस्टिंग के दौरान लीकेज हुआ था। वहां की पाइप लाइन भी दुरुस्त कराई जा रही है। अन्य जगहों पर भी जो कमियां मिल रही हैं उन्हें ठीक कराया जा रहा है।