हसनगंज। शादी के जेवर खरीदने के बहाने ज्वेलर्स की दुकान पहुंची चार बुर्कानशीं ठगों ने झांसा देकर ज्वेलरी सेट का एक डिब्बा पार कर दिया। दुकानदार के मुताबिक डिब्बे में ढाई सौ ग्राम वजन के करीब सात लाख रुपये कीमत के जेवर थे। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने महिलाओं की तलाश भी की मगर कहीं पता नहीं चला।
हसनगंज कसबा निवासी सत्यनारायण रस्तोगी की कसबा में ही बस स्टाप के पास ज्वेलरी की दुकान है। बुधवार दोपहर करीब एक बजे सत्य नारायण दुकान पर अकेले थे। इसी दौरान बुर्का पहने चार महिलाएं दुकान पर पहुंची। महिलाओं के साथ दो किशोर भी थे।
महिलाओं ने घर में शादी होने की बात कहते हुए दुल्हन के लिए ज्वेलरी सेट दिखाने की बात कही। दुकानदार ने दस-बारह सेट दिखाए मगर महिला ठगों ने सभी को कुछ न कुछ कमी बताकर नापसंद कर दिया। घंटों माथापच्ची के बाद सभी सेटों को नापसंद करते हुए उन्होंने अगले दिन आने की बात कही और एक टेंपो में बैठकर मोहान की ओर चली गईं। सराफा व्यापारी के मुताबिक जब वह डिब्बे संभाल कर रखने लगा तो एक डिब्बा नहीं दिखा। काफी देर तक तलाश की मगर कहीं नहीं मिला तो पीड़ित ने अपने बेटे को दुकान पर बुलाया और आसपास दुकानदारों की मदद से महिला ठगों को खोजने का प्रयास किया।
पीड़ित ने थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी इसके बाद पुलिस ने मोहान और लखनऊ सीमा तक वाहनों की चेकिंग कराई मगर महिला ठगों का कहीं पता नहीं चला। हसनगंज थानाध्यक्ष आरपी सिंह ने बताया कि उन्हें घटना की तहरीर नहीं मिली है।