उन्नाव। उप्र सहकारी ग्राम विकास बैंक के पांचों तहसीलों में अध्यक्ष पद (शाखा प्रतिनिधि) पर एक ही उम्मीदवार होने से उनका निर्विरोध चुनाव कर लिया गया। पर्चा वापसी के दिन निर्वाचन अधिकारी द्वारा नाम की घोषणा किए जाते ही समर्थकों ने मिठाई वितरण कर खुशी जताई।
सफीपुर में विधायक बंबालाल दिवाकर के साथ हरिशरण लाला व अशोक ने नामांकन कराया था। गुरुवार को जांच के दौरान अशोक का पर्चा खारिज कर दिया गया था। शुक्रवार को हरिशरण ने पर्चा वापस ले लिया। जिसके बाद अध्यक्ष पद के लिए एक मात्र उम्मीदवार बचे बंबालाल दिवाकर को निर्विरोध शाखा प्रतिनिधि घोषित कर दिया।
सदर में दोस्तीनगर निवासी संजीव त्रिवेदी को शाखा प्रतिनिधि घोषित किया गया। तहसीलदार व निर्वाचन अधिकारी ओपी शुक्ला ने शुक्रवार को नाम वापसी की समयसीमा बीतने के बाद संजीव के नाम की घोषणा की तो समर्थक खुशी से झूम उठे। संजीव त्रिवेदी कहा कि प्रदेश में 7500 सहकारी समितियां है। एक करोड़ सदस्यों वाली सहकारी समितियां जनता को छोड़कर जेब की समितियां बन गई थी। इन सहकारी समितियों को इससे मुक्त करना है। कहा कि सहकारी समितियों को सिर्फ गेहूं, धान बेचने तक समिति नहीं रखना है बल्कि समितियों से गांव, किसान, गरीब लाभान्वित हो ऐसी व्यवस्था करना है।
वहीं, हसनगंज में शैलेंद्र सिंह को नायब तहसीलदार मंजुला मिश्रा ने शाखा प्रतिनिधि का प्रमाणपत्र दिया। इस मौके पर भौली प्रधान प्रतिनिधि दीपू सिंह ने चाचा शैलेंद्र सिंह को अध्यक्ष बनने की बधाई देकर मुंह मीठा कराया। जिला उपाध्यक्ष राकेश साहू, नूतन सिंह, नीरज सिंह, आशीष सिंह, मनोज सिंह, अजय शुक्ला आदि मौजूद रहे।
पुरवा में भाजपा समर्थित उम्मीदवार लक्ष्मीनारायन को निर्वाचन अधिकारी अखलाक हुसैन ने प्रमाणपत्र सौंपा। शाखा प्रबंधक अजीत सिंह चौहान, भाजपा नेता गंगा प्रसाद वर्मा, कपिल त्रिपाठी व प्रदीप शर्मा ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया।
बीघापुर में भाजपा समर्थित रामनरेश सिंह को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया गया। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रिंशू सिंह, भोले सिंह प्रधान, प्रकाश सिंह प्रधान ने हर्ष जताया।