उन्नाव। शहर के बड़ा चौराहा में कपड़ा व्यवसायी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद डीएम ने मुख्य बाजार को 14 दिनों के लिए बंद कर दिया है। ढाई सौ मीटर त्रिज्या में आने वाले करीब 300 घरों में रहने वाले लोगों को होम क्वारंटीन रहने को कहा गया है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि अगर इस दौरान हॉटस्पॉट क्षेत्र में कोई और कोरोना संक्रमित पाया गया तो बाजार 21 दिन के लिए बंद कर दिया जाएगा।
शहर के बड़ा चौराहा में कपड़ा व्यवसायी के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पहले ढाई सौ मीटर त्रिज्या में आने वाले मुख्य बाजार को 48 घंटे के लिए बंद किया गया था लेकिन कोरोना संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए डीएम रवींद्र कुमार ने बाजार को 14 दिन के लिए बंद रखने के निर्देश दिए हैं। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि डीएम के निर्देश पर मुख्य बाजार को चौदह दिन के लिए बंद करा दिया गया है। ढाई सौ मीटर क्षेत्रफ ल में आने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर मकानों में रह रहे लोगों को होम क्वारंटीन के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट चंदन कुमार पटेल ने शुक्रवार को हॉटस्पॉट क्षेत्र का दौरा किया और लोगों से नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने बताया कि संक्रमित व्यापारी के घर से 250 मीटर त्रिज्या क्षेत्र को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है। बाजार में भीड़ को देखते हुए इस क्षेत्र को 14 दिन के लिए बंद किया गया है। बताया कि अगर इस दौरान कोई और कोरोना संक्रमित पाया जाता है तो बाजार को 21 दिन के लिए बंद कर दिया जाएगा।