भारत की सड़कें हुईं और जानलेवा
- फोटो : getty
उन्नाव। सूबे के ग्राम्य विकास मंत्री की गाड़ी नवाबगंज ब्लाक के सामने आगे चल रहे एस्कार्ट वाहन से टकरा गई। इससे गाड़ी का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में गाड़ी के अंदर बैठे ग्राम्य विकास मंत्री बाल-बाल बच गए। बाद में पीछे चल रही दूसरी गाड़ी में वह सवार होकर उन्नाव की ओर रवाना हुए।
ग्राम्य विकास मंत्री अरविंद सिंह गोप औरैया व कानपुर देहात के प्रभारी मंत्री है। दो दिन पहले बुधवार को उन्होंने औरैया जाकर जिला योजना की बैठक की अध्यक्षता की थी। शुक्रवार को वह कानपुर देहात में आयोजित जिला योजना की बैठक में शामिल होने कार द्वारा जा रहे थे। नवाबगंज ब्लाक कार्यालय के सामने पहुंचते ही उनके आगे चल रही एस्कार्ट वाहन के चालक ने अचानक झटके से ब्रेक लगा दी। इस वाहन के ठीक पीछे ग्राम्य विकास मंत्री की इनोवा गाड़ी चल रही थी।
मंत्री अरविंद सिंह गोप खुद इस गाड़ी में सवार थे। एस्कार्ट वाहन से भिड़ंत होने पर मंत्री की इनोवा गाड़ी का आगे का हिस्सा व शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में गाड़ी में सवार मंत्री को भी तेज झटका लगा। इसके बाद तुरंत मंत्री अपनी गाड़ी से नीचे उतरे। पीछे उनका पूरा स्टाफ आ गया। इनोवा गाड़ी को क्षतिग्रस्त देख उन्होंने पीछे चल रही बोलेरो को बुलाया। इसके बाद वह बोलेरो में सवार होकर उन्नाव की ओर रवाना हुए। इस घटना के समय वहां पर मौजूद लोगों की मानें तो वाहनों की इस भिड़ंत में मंत्री बाल-बाल बच गए। उन्हें सिर्फ हल्की खरोंचे आईं।