उन्नाव। अमरनाथ यात्रा के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनने शुरू हो गए हैं। बुधवार को जिला अस्पताल की लैब में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचने से मरीज व उनके बीच नोकझोंक शुरू हो गई। श्रद्धालुओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। जानकारी होने पर अस्पताल प्रशासन ने प्रमाण पत्र के लिए अलग काउंटर बनाया। इसके बाद एक- एक कर सैंपल लिया गया।
अमरनाथ यात्रा को जाने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र की जरूरत पड़ती है। इसमें खून से लेकर हृदयरोग आदि की जांच करानी पड़ती है। बुधवार को औसतन 150 श्रद्धालु स्वास्थ्य परीक्षण कराने जिला अस्पताल पहुंच गए। इससे लैब में भीड़ लग गई। वहीं, लाइन में खड़े मरीज व श्रद्धालुओं में धक्कामुक्की शुरू हो गई। ब्लड सैंपल लेने में कर्मचारियों की मनमानी से नाराज श्रद्धालुओं ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद वह वहीं धरने पर बैठ गए। जानकारी होने पर चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. संजीव कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ओपीडी में कक्ष संख्या 13 में अमरनाथ यात्रा के लिए स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाने के लिए काउंटर शुरू कराया।