उन्नाव। बनकटा हफीजाबाद गांव निवासी श्रमिक की छत से गिरकर हुई मौत में दो दिन बाद भी रिपोर्ट न दर्ज होने से नाराज परिजन देर शाम एसपी कार्यालय पहुंचे। भट्ठा मालिक पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की मांग के साथ हंगामा किया। सीओ ने विसरा की रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही।
सदर कोतवाली के बनकटा हफीजाबाद निवासी जोधा (30) रुस्तमपुर निवासी रज्जन सोनकर के घर पर रहकर उन्हीं का ट्रैक्टर चलाता था। 28 मई की रात वह उन्हीं के घर पर छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। रज्जन ने ही उसे जिला अस्पताल पहुंचाया था। वहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया था। मौत की सूचना मालिक ने ही मृतक परिजनों को दी थी। अस्पताल पहुंचे परिजनों ने ट्रैक्टर मालिक को ही दोषी बताकर हत्या का आरोप लगाया था। आरोप था कि एक साल से उसका मेहनताना नहीं दिया। रुपये न देने पड़े इसलिए छत से फेंककर हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। मौत का सही कारण स्पष्ट न होने पर विसरा सुरक्षित किया गया था। गुरुवार देर शाम एसपी कार्यालय पहुंचे परिजनों ने तहरीर देने के बाद भी रिपोर्ट न दर्ज करने का आरोप लगा हंगामा किया। हंगामे की सूचना पर पहुंचीं सीओ ने परिजनों को समझाकर मामला शांत कराया। कहा कि विसरा जांच के लिए भेजा जा रहा है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीओ सोनम सिंह ने बताया कि जांच चल रही है। कोई निर्दोष न फंसे इसके लिए विसरा की रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी।