शासन की मंशा के अनुरूप राजधानी मार्ग चौड़ीकरण कार्य को गति मिलना शुरू हो गई है। इसके अंर्तगत विद्युत और जलनिगम ने रफ्तार पकड़ ली है। नगर में नए विद्युत पोल आ गए हैं, साथ ही नई पेयजल पाइप लाइन डालने को जलनिगम ने भी नए पाइप मंगवा लिए है।
बताते चलें कि नवीन गंगापुल से उन्नाव कोतवाली चौराहे तक 13 किमी में राजधानी मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य होना है। इसके लिए लोक निर्माण विभाग ने शिफ्टिंग कराने वाले सभी विभागों को धन आवंटित कर दिया है ताकि मध्याचंल विद्युत वितरण निगम और जलनिगम चौड़ीकरण का कार्य करा सके।
इस संबंध में मध्याचंल विद्युत वितरण निगम के एसडीओ उन्नाव जय सिंह ने बताया कि नई फोर लेन सड़क किनारे हाईटेंशन व लो-टेंशन विद्युत लाइन की शिफ्टिंग का कार्य नवीन पुल से उन्नाव कोतवाली चौराहे तक होना है। इसके लिए नए विद्युत पोल मंगवा लिए हैं, जिन्हें लगाने का कार्य एक- दो दिन में शुरू हो जाएगा।
वहीं नगर पालिका के ईओ उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि नगर में एक छोर पेयजल भूमिगत पाइप लाइन को हटाकर नए सिरे से जलनिगम उन्नाव द्वारा नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जानी है, इसके लिए नए कास्ट आयरन वाले पाइप आ चुके हैं, जल्द ही इन्हें बिछाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।