मियागंज/उन्नाव। बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल लादकर जा रहा लोडर सड़क के गड्ढों में पलट गया। हादसे में टीचर और सुरक्षा के लिए तैनात सिपाही समेत चार लोग घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची माखी थाना पुलिस ने सड़क पर बिखरे उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल दूसरे लोडर में लदवाकर जिला मुख्यालय भेजे। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने बताया कि कोई बंडल न फटा है और ना ही पुस्तिकाओं को कोई नुकसान नहीं हुआ।
बांगरमऊ स्थित सुभाष इंटर कॉलेज की हाईस्कूल और इंटर की उत्तर पुस्तिकाओं के 1040 बंडल तीन लोडरों में लादकर जिला मुख्यालय में बनाए गए स्ट्रांगरूम भेजे जा रहे थे। उन्नाव-हरदोई मार्ग पर चकलवंशी कसबा के पास सड़क के गड्ढों से निकलते समय एक लोडर पलट गया।
उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल सड़क पर बिखर गए। हादसे में बांगरमऊ कसबा निवासी लोडर चालक गुलशन बाजपेयी (30), सुभाष इंटर कॉलेज के रामस्वरूप (50) निवासी जिंदासपुर हसनगंज और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के मद्देनजर साथ जा रहे बांगरमऊ कोतवाली में तैनात सिपाही सुखराम और लोडर का क्लीनर रोहित गुप्ता घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची माखी थाना पुलिस ने कापियों के बंडलों को किनारे कराया। इसी दौरान स्कूल प्रबंधन ने दूसरे वाहन की व्यवस्था की और बंडलों को उसमें लदवाकर जिला मुख्यालय भेजवाया।
स्कूल के प्रधानाचार्य प्रताप सिंह ने बताया उत्तर पुस्तिकाओं को या उनके बंडलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है। सभी बंडलों को सुरक्षित स्ट्रांगरूम में रखवा दिया गया है।