नवाबगंज। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के आशाखेड़ा के पास लखनऊ कानपुर हाईवे पर सोमवार सुबह पांच बजे लखनऊ एसटीएफ टीम सड़क हादसे का शिकार हो गई। सड़क पर मरी पड़ी गाय से बचने के चक्कर में स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के दूसरी ओर डंपर से टकरा गई। हादसे में स्कार्पियो चला रहे आरक्षी की मौत हो गई। निरीक्षक व उपनिरीक्षक समेत पांच अन्य कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची यूपी 100 पुलिस ने घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया। वहां निरीक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है।
लखनऊ एसटीएफ में तैनात निरीक्षक अरुण सिंह एसटीएफ टीम के सदस्य उपनिरीक्षक विनोद सिंह, मुख्य आरक्षी रूद्र नारायण उपाध्याय, आरक्षी राजेश सिंह, आलोक पांडेय व चालक अवनींद्र बाजपेयी के साथ एक टारगेट का पीछा करते हुए स्कार्पियो से कानपुर की ओर जा रहे थे। सोहरामऊ थानाक्षेत्र स्थित आशाखेड़ा के पास सड़क पर मरी पड़ी एक गाय से बचने के चक्कर में स्कार्पियो अनियंत्रित हो गई। चालक अवनींद्र जब तक स्कार्पियो को नियंत्रित करता तब तक वह डिवाइडर से टकराकर सड़क के दूसरी ओर पहुंच गई। जहां कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे गिट्टी लदे डंपर ने स्कार्पियो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कार्पियो सवार अरुण सिंह समेत अन्य एसटीएफ कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर यूपी 100 घटनास्थल पर पहुंची व घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को सबसे पहले नवाबगंज सीएचसी भेजा गया। जहां अवनींद्र बाजपेई को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। सोहरामऊ थानाध्यक्ष डीके शाही ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
--