आसीवन/उन्नाव। बीएड का फर्जी प्रमाणपत्र लगाकर परिषदीय स्कूलों में नौकरी कर रहे एक शिक्षक के खिलाफ आसीवन थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। जबकि एक शिक्षक पर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बीघापुर बीईओ ने थाने में तहरीर दी लेकिन मामला बारासगवर थानाक्षेत्र का होने से वहां दर्ज कराने को कहा। इन शिक्षकों द्वारा शैक्षिक अभिलेखों के साथ लगाई गई बीएड की डिग्री फर्जी मिली है।
मियागंज ब्लॉक के गांव जरुवाखेड़ा प्राथमिक स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर तैनात गुलशनबानो मूलत: आगरा की रहने वाली हैं। उन्होंने साल 2004-05 में डॉ. भीमराव अंबेडकर आगरा यूनिवर्सिटी से बीएड किया था। 1 सितंबर 2016 को जिले में नियुक्ति पाने के लिए उन्होंने बीएड की मार्कशीट लगाई थी। शासन की ओर से कराई गई एसआईटी जांच में इनकी भी मार्कशीट फर्जी निकली थी। साल 2019 में एसआईटी जांच में दोषी पाए जाने पर शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया था। वह मार्कशीट सही होने का कोई साक्ष्य उपलब्ध नहीं करा पाईं। शुक्रवार को बीईओ दिनेश कुमार सिंह ने थाने में तहरीर देकर शिक्षिका के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एसओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि बीईओ की तहरीर पर कार्रवाई की गई है। वहीं बीघापुर ब्लाक के गांव पिथईखेड़ा प्राथमिक स्कूल में तैनात सहायक शिक्षक जितेंद्र सिंह चंदेल ने भी डा. भीमराव अंबेडकर आगरा यूनिवर्सिटी से बीएड किया था। उसकी मार्कशीट फर्जी मिली है। शुक्रवार को बीईओ नसरीन फारुकी ने उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए बीघापुर में तहरीर दी। लेकिन मामला बारासगवर थानाक्षेत्र का होने से एसओ जावेद अख्तर ने वहां रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही। बीईओ ने बताया कि शनिवार को वहां रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
बीएसए प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि एक शिक्षक पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। बीघापुर ब्लॉक में तैनात शिक्षक जितेंद्र सिंह पर शनिवार को व औरास के गांव धानमऊ छरेटी प्राथमिक स्कूल के प्रधान शिक्षक इकबाल पर भी रिपोर्ट दर्ज कराने के निर्देश बीईओ को दिए गए हैं। इन सभी शिक्षकों का निलंबित किया जा चुका है।