रेलवे ओवरब्रिज पर निर्माण कार्य तेजी से शुरू है। रविवार को लखनऊ छोर पर पुल के एक हिस्से में ढलाई का काम किया गया। इसके बाद अब कानपुर छोर पर काम किया जाएगा। इसी दौरान आरओबी पर गड्ढों को भी भरने का काम किया गया।
लखनऊ-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रायबरेली रेलवे क्रासिंग पर रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की स्लैब ें में दरार आने से करीब 15 दिनों से आवागमन बंद कर दिया गया था। इसके बाद यहां पर मरम्मत का काम चल रहा है। रविवार को लखनऊ छोर पर सरियों का जाल बनवाकर इसमें ढलाई का काम करवाया। वहीं कानपुर छोर पर भी स्लैब को कटवाकर इसमें सरियों का जाल बनाया जा रहा है। लगातार आ रही दरारों की शिकायतों को देखते हुए कंपनी अधिकारियों ने इस बार इसमें हैवी सरियों को घना जाल बनवाया है जिससे आने वाले समय में फिर से दरार की शिकायत न आ सके। वहीं कंपनी की ओर से आरओबी में गड्ढों को भी भरने का काम चालू करवाया गया। इसमें अभी कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले रूट पर गड्ढों को भरने का काम किया गया। निर्माणदायी कंपनी के मैनेजर मोहनलाल कौशिक ने बताया कि अभी लखनऊ छोर पर ढलाई का काम किया गया है। एक दो दिनों मेें कानपुर छोर पर ढलाई करवाकर इसे 15 दिनों के लिए बंद करवा दिया जाएगा। इसके अलावा इसी दौरान रोड के गड्ढों में भी पैचवर्क का काम किया जाएगा।