ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग का निरीक्षण करते मेडिकल केयर निदेशक डॉ. बद्री विशाल।
- फोटो : अमर उजाला
जिला अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन ट्रामा सेंटर भवन का मेडिकल केयर निदेशक ने रविवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बिल्डिंग में पानी व चैनलों की व्यवस्था देखी। साथ ही प्लास्टर रूम व ओटी में मरीजों की सुविधा के लिए बनने वाला प्लेटफार्म भी देखा। उन्हाेंने कुछ कमियां दुरुस्त करने के लिए कहा।
मेडिकल केयर निदेशक डॉ. बद्री विशाल दोपहर एक बजे जिला अस्पताल पहुंचे। इनके अचानक पहुंचने पर अधिकारी व कर्मचारी सकते में आ गए। निदेशक अस्पताल के अंदर न जाकर सीधे ट्रामा सेंटर की बिल्डिंग देखने पहुंच गए। बिल्डिंग के अंदर सीटी स्केन की मशीन रखने की जगह न होने की जानकारी मिलने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था से बात करने के लिए कहा।
निदेशक डॉ. बद्री विशाल ने बताया कि ट्रामा सेंटर की शुरुआत दो सप्ताह के अंदर करनी है। इस बिल्डिंग में दिक्कत आती है तो परिसर में बन रही इमरजेंसी की बिल्डिंग में उसे संचालित कराया जाएगा। इसके लिए निदेशालय में अनुमति लेने के साथ ही जिले के अधिकारियों से भी वार्ता की जाएगी। एक जगह दो इमरजेंसी नहीं हो सकतीं। उन्होंने बताया कि कुछ कमियां मिली हैं। सुधार कराने के लिए कार्यदायी संस्था से कहा जाएगा।
आरोग्य निधि की दी जानकारी
उन्नाव। निदेशक डॉ. बद्री विशाल ने बताया कि गरीब परिवार के जो मरीज सरकारी अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं, उन्हें आरोग्य निधि से उपचार कराने के लिए डेढ़ लाख रुपये की मदद स्वास्थ्य निदेशालय से मिलती है। उसके बाद भी यदि बीमारी सही नहीं होती और उसे पैसे की जरूरत हो तो मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता मिल सकती है।