हसनगंज तृतीय सीट से रश्मि रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी प्रियंका कनौजिया को 9187 वोटों से हराया । वहीं बीडीसी में हिलौली क्षेत्र की संतोषा यादव ने इस्माइल को 423 वोटों से पराजित किया है। दोनों ही विजयी उम्मीदवार सबसे ज्यादा मतों से जीतने का दावा कर रहे हैं। हालांकि अधिकारिक रुप से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
चुनाव विशेषज्ञों के मुताबिक जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्य सीटों पर विनर और रनर प्रत्याशियों के बीच जीत- हार के वोटों का अंतर ज्यादा नहीं होता है। इन सीटों पर एक-एक वोट की गिनती महत्वपूर्ण होती है। सोमवार को हुई मतगणना में कई बीडीसी सीटों पर विजयी और हारे प्रत्याशियों के बीच जीत का अंतर केवल एक वोट का रहा है।
औरास में महावीर और हसनगंज की नवई सीट से अनिल कुमार व रानीखेड़ा से अजय ने एक मत से जीत दर्ज की। नवाबगंज तीसरे क्षेत्र से योगेश ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी मनोज कुमार को सात हजार से अधिक वोटों से पराजित किया है। इसी ब्लाक की दूसरी सीट से धीरेन्द्र विमल ने निवर्तमान जिला पंचायत सदस्य रहे बालेन्द्र प्रताप सिंह को लगभग 5000 वोटों से शिकस्त दी।
फतेहपुर चौरासी की दूसरी सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार रहे रामखेलावन ने प्रतिद्वंदी रामऔतार को 5000 वोटों से पराजित किया है। नवाबगंज विकासखंड की चौथी सीट से जीत दर्ज करने वाली सन्नो देवी और रनर रही मालती सिंह के बीच जीत का अंतर 29 वोटों का रहा। बीडीसी सीटों में हिलौली क्षेत्र में पूर्व ब्लाक प्रमुख संतोषा यादव ने बड़ी जीत दर्ज की है।
उन्होंने अपने निकटतम उम्मीदवार इस्माइल को 423 मतों से पराजित किया है। उधर फतेहपुरचौरासी विकासखंड में इस्माइलपुर नौगवां के वार्ड नंबर 60 से प्रत्याशी रही मिथलेश कुमारी मिश्रा ने प्रतिद्वंदी निर्मला देवी को 402 वोटों से हराकर ब्लाक क्षेत्र में सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। गंजमुरादाबाद तीसरी से पहली बार चुनाव लड़ने वाली राजरानी को केवल 180 वोटों से जीत मिली।