उन्नाव। महानिदेशक परिवार कल्याण ने जिला अस्पताल स्थित एसएनसीयू का निरीक्षण किया। उन्होंने भर्ती बच्चों की देखभाल ठीक से करने के निर्देश दिए। वार्ड दो में स्टॉफ से बातचीत की। 108 व 102 एंबुलेंस चालक और ईएमटी को मरीजाें की सूची बनाने के लिए कहा।
महानिदेशक परिवार कल्याण व प्रशिक्षण डॉ. पवन कुमार शनिवार को जिला अस्पताल पहुंचे। सबसे पहले वार्ड दो का निरीक्षण किया। स्टॉफ नर्स से भर्ती मरीजों की सूची मांगी। मरीज कितने दिन से भर्ती है, इलाज की जानकारी ली। बेड पर जाकर मरीजों से दवा और इलाज के बारे में पूछा।
इसके बाद ऑपरेशन थियेटर पहुंचे। डॉ. मनोज मरीज का ऑपरेशन कर रहे थे। तीमारदार से पूछा कि ऑपरेशन का कोई शुल्क तो नहीं लिया गया। तीमारदार ने बताया कि आयुष्मान के तहत मरीज का इलाज व ऑपरेशन निशुल्क किया जा रहा है।
इसके बाद महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड पहुंचे। यहां 18 नवजात भर्ती थे। अंदर जाकर बच्चों को भर्ती करने की व्यवस्था देखी। महिला अस्पताल मीडिया प्रभारी डॉ. तौसीफ को और बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।