फोटो-23-सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देते किसान यूनियन के पदाधिकारी। स्रोत: कार्यकर्ता।
उन्नाव। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने सिटी मजिस्ट्रेट को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया। किसानों ने मवेशियों के शव सड़कों के किनारे फेंकने का विरोध करते हुए सुरक्षित निस्तारण की मांग की।
सोमवार को निराला प्रेक्षागृह परिसर में जिलाध्यक्ष किरण सिंह पटेल की अध्यक्षता में मासिक पंचायत हुई। इसके बाद सभी कलक्ट्रेट पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। बताया कि शहर से लेकर गांव तक मृत गोवंशियों व अन्य मवेशियों को सड़कों के आसपास फेंक दिया जाता है। दुर्गंध से मुश्किल होती है। साथ ही बीमारियों का भी खतरा बढ़ जाता है। आरोप लगाया कि ठेकेदार खाल व हड्डी निकालकर मांस फेंक देते हैं। जनपद में बनी गोशालाओं में चारा पानी की उचित व्यवस्था न होने से गोवंशी मर रहे हैं।
मांग की कि इसकी जांच कराई जाए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि तीन सूत्रीय मांगों का जल्द निस्तारण किया जाए। यदि प्रशासन तत्काल इस पर कार्रवाई नहीं करेगा तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान जिला महासचिव बृजेश तिवारी, राजेंद्र प्रसाद चौधरी, कौशल द्विवेदी, शिवबालक, सुखसागर, छोटा, रामबालक, ऊषा देवी, सरला, मालती, राजरानी, कमला, रीता राजपूत, पूनम आदि मौजूद रहीं।