हिंदू नेता की हत्या के विरोध में कलक्ट्रेट के बाहर प्रद्रर्शन करते हिंदू संगठन के पदाधिकारी।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। लखनऊ में हिंदू नेता कमलेश तिवारी की हत्या के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनका मुकदमा फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने की है। रविवार को घटना के विरोध में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं को हत्यारोपियों को फांसी दिलाने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
हिंदू युवा वाहिनी के लखनऊ मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च निकाला। इसके बाद वह डीएम कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता को सौंपा। जिसमें उन्होंने कमलेश तिवारी के परिजनों की सभी मांगों को माने जाने और हत्याकांड की घटना में दोषी पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा प्रदेश के सभी हिंदूवादी नेताओं को शस्त्र लाइसेंस व सुरक्षा देने की भी मांग उठाई। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि कमलेश तिवारी के लिए फतवा जारी कर उनकी हत्या कराने वालों पर भी कठोर कार्रवाई की जाए। जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।
कैंडल मार्च निकाल कमलेश तिवारी को दी श्रद्धांजलि
बांगरमऊ के मोहल्ला न्यू कटरा में राष्ट्रवादी विचारधारा के लोगों ने एक बैठक की। जिसमें लखनऊ में हिंदूवादी नेता कमलेश तिवारी की निर्मम हत्या पर विरोध प्रकट किया गया। लोगों ने कैंडल मार्च भी निकाला जो हरदोई-उन्नाव मार्ग से ब्लाक रोड तक पहुंचा। इसके बाद संडीला मार्ग से गुजरता हुआ पुन: अपने गंतव्य स्थल पर आकर समाप्त हो गया। इस दौरान कमलेश तिवारी को श्रद्धांजलि दी गई। विमल शुक्ला, श्रीकांत त्रिपाठी, सुशील दीक्षित, किरण पांडेय, दिनेश कुमार, जीतू विश्वकर्मा आदि मौजूद रहे।