उन्नाव के डीएसएन डिग्री कॉलेज के इतिहास विभाग के प्रोफेसर डॉ. राम विलास की लखनऊ में इलाज के दौरान कोरोना से मौत हो गई। प्रोफेसर को पंचायत चुनाव में मियागंज ब्लॉक का सेक्टर प्रभारी बनाया गया था। छह दिन पहले बुखार व खांसी आने की सूचना उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट को दी थी, लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं दी गई।
प्रोफेसर की मौत से नाराज डीएसएन के प्राचार्य ने कुलपति से शिकायत की है। लखनऊ के एल्डिको निवासी प्रोफेसर को पंचायत चुनाव में मियागंज ब्लॉक का सेक्टर प्रभारी बनाने के बाद 8 अप्रैल को उन्होंने बूथ का भ्रमण किया था।
उसके बाद से उन्हें बुखार के साथ खांसी आने लगी थी। तबीयत बिगड़ने की लिखित जानकारी सिटी मजिस्ट्रेट को दी थी। कोई सुनवाई नहीं हुई। तीन दिन पहले उनकी हालत बिगड़ी। लखनऊ में जांच कराने पर पॉजिटिव आए और वहीं कोविड अस्पताल में भर्ती हुए।
मंगलवार को मौत हो गई। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मानवेंद्र सिंह ने बताया कि कुलपति, राज्यपाल, रजिस्ट्रार, सीएमओ व क्षेत्रीय उच्चशिक्षाधिकारी को पत्र भेजकर 30 अप्रैल तक कॉलेज बंद करने को कहा गया है।