आवागमन के लिए तैयार हो रहा पुल
- फोटो : अमर उजाला
बिठूर (कानपुर) से परियर के बीच दो किलोमीटर लंबा पुल बनकर लगभग तैयार है। संभवत: अगले माह से इस पर लोग फर्राटा भरना शुरू कर देंगे। पुल से आवागमन चालू होते ही क्षेत्र के तीन सैकड़ा गांवों के हजारों किसानों, छात्रों व अन्य लोगों को खासा फायदा होगा। यह कानपुर महानगर से सीधे जुड़ जाएंगे।
वर्ष 2007 में 35 करोड़ रुपये की लागत से परियर से बिठूर के बीच लगभग दो किलोमीटर लंबे पुल का शिलान्यास सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने किया था। उस समय इसकी लंबाई 940.36 मीटर आंकी गई थी। पांच साल यानी वर्ष 2012 में पुल बनकर तैयार हो जाना था । वर्ष 2010 में गंगा नदी में बाढ़ आ गई। इससे उस समय काम ठप हो गया था। बाढ़ के बाद काम चालू हुआ। जांच पड़ताल के बाद पुल की लंबाई 1.75 किलोमीटर और बढ़ा दी गई। यह पुल आवागमन के लिए पूरी तरह से तैयार हो चुका है।
बकाया औपचारिकताओं को कार्यदायी संस्था इस माह के अंत पूरा कर लेने का दावा का रही है। प्रशासनिक सूत्रों की मानें तो इस पुल का उद्घाटन 5 जून को हो सकता है। इसके लिए लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव उन्नाव आ सकते हैं। कैबिनेट मंत्री के आने की संभावना को देखते हुए पुल के आवागमन में आ रही छोटी-मोटी दिक्कतों को दूर करने के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग एड़ी-चोटी का जोर लगाए हुए है।
।