नवाबगंज। राज्य परिवर्तन आयोग की कोऑर्डिनेटर ने टीम के साथ सीएचसी व तीन पीएचसी पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल की। मरीजों से मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। इस दौरान प्रसूताओं ने खाना न मिलने की शिकायत की।
कोऑर्डिनेटर पूनम सिंह ने मकूर, चमरौली और कटेहरू स्थित पीएचसी में पहुंचकर रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में मरीजों के लिए उपलब्ध दवाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली। नवाबगंज सीएचसी में लेबर वार्ड, डिलीवरी रूम, एनबीएसयू, महिला वार्ड, ऑपरेशन थिएटर का निरीक्षण किया। महिला वार्ड में भर्ती पुरवा के टीकरखुर्द निवासी प्रसूता सावित्री से बात की तो बताया कि अस्पताल में खाना, नाश्ता नहीं मिला।
टीम ने सीएचसी में सीवर लाइन, ध्वस्त सीवर टैंक, अस्पताल बिल्डिंग में सुधार के साथ रंगरोगन कराने की जरूरत बताई। कोऑर्डिनेटर ने बताया कि कमियों और दिक्कतों की जानकारी जुटाकर शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।
वेंडर ने गैस सिलिंडर न मिलने की बात बताई है जिसके चलते तीन दिन से खाना नहीं बन रहा है।
डॉ. सिद्धार्थ श्रीवास्तव, स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक