संवाद न्यूज एजेंसी
उन्नाव। शहर की प्राची पांडेय ने मिस्र (इजिप्ट) देश में संपन्न हुई अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में रजत पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इसके पूर्व भी वह नाइजीरिया में हुई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रजत पदक जीत चुकीं हैं।
शहर के जुराखन खेड़ा निवासी प्राची पांडेय ने दिव्यांगता को मात देकर अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता में मान बढ़ाया है। 24 से 27 जनवरी तक इजिप्ट में विश्व रैंकिंग पैरा टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन कर रजत पदक हासिल किया। यहां अन्य देश के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया था।
इसके पूर्व वह नाइजीरिया में रजत पदक और जार्डन में हुई प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल कर चुकीं हैं। वह ब्राजील में हुई प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग कर चुकीं हैं। अपनी सफलता का श्रेय उपनिरीक्षक पिता शिवांकर पांडेय और मां सरोज पांडेय को दिया है।