उन्नाव। औद्योगिक क्षेत्र साइड नंबर-1 में पावर हाउस तो लगभग बनकर तैयार हो गया है लेकिन अब इसकी हाई पावर की अंडरग्राउंड लाइन बिछाने में रोड़ा अटक गया है। दरअसल, लाइन को दुर्जनखेड़ा गांव से होते हुए गुजारा जा रहा है। जो सोनिक पावर हाउस तक जाएगी। यहां रहने वाले लोगों का कहना है कि बस्ती के बीच से इतनी क्षमता की विद्युत लाइन को गुजारना खतरे से खाली नहीं है।
अगर कोई हादसा होता है तो कौन जिम्मेदार होगा। विरोध को देखते हुये कार्यदायी संस्था ने काम भी रोक दिया है और अब गड्ढे खुले पड़े हैं। पूरे मामले में अधिशासी अधिकारी रामबुझारत सहमति से काम कराने की बात कह रहे हैं।
दही चौकी स्थित औद्योगिक क्षेत्र में लगी इकाईयों को अलग फीडर से बिजली आपूर्ति के लिए औद्योगिक क्षेत्र के साइड नंबर-एक में पावर हाउस बन रहा है। अभी इन औद्योगिक इकाईयों व कई गांवों को एक साथ बिजली आपूर्ति की जा रही है। जब कहीं फाल्ट होता है तो इकाईयों की भी आपूर्ति बाधित हो जाती है। आए दिन होने वाली इस परेशानी से निजात दिलाने के लिए उद्यमियों ने जिला प्रशासन से लेकर शासन तक अलग फीडर की मांग उठाई थी।
उद्यमियों के काफी प्रयासों के बाद आखिरकार उनकी मेहनत रंग लाई और अलग से पावर हाउस का निर्माण शुरू हो गया। इसके लिए अंडर ग्राउंड विद्युत लाइन डालने का काम भी शुरू कर दिया गया है। जगह-जगह गड्ढे खोदकर तार डालने का काम शुरू किया ही गया था कि दुर्जनखेड़ा गांव के लोगों ने विरोध कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव से होकर पहले भी औद्योगिक क्षेत्र की लाइनें गुजरी हैं। ऐसे में एक और लाइन डाल देने से अगर फाल्ट होता है तो बड़ी समस्या हो सकती है।
इसके अलावा ठेकेदार भी काम इतनी धीमी गति से कर रहा है कि जगह-जगह खुदाई करके गड्ढों को खुला छोड़ दिया है। जिससे ग्रामीणों व राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा पावर हाउस के लिए जाने वाली लाइन के लिए तार डालकर इसको खुला छोड़ देने से उन लोगों को जीना दुश्वार हो गया है। इसमें लोग गिरकर आए दिन चुटहिल होते रहते हैं और इस मार्ग पर आवागमन अधिक होने के कारण धूल उड़ती है। जिससे उन लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से जल्द इस समस्या का समाधान तलाशने की मांग की है।
सोनिक पावर हाउस से जुड़ेगी लाइन
उन्नाव। औद्योगिक क्षेत्र के साथ-साथ ग्राम गजौली के मजरा दुर्जनखेड़ा से गुजारते हुए लाइन सोनिक पावर हाउस तक ले जाई जाएगी। फिर वहीं जोड़कर विद्युत आपूर्ति चालू की जाएगी। इस लाइन के चालू हो जाने से उद्यमियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या दूर होगी। इस प्रोजेक्ट के पूरा हो जाने से औद्योगिक क्षेत्र में काम की रफ्तार और बढ़ेगी साथ ही उद्योग व कामगारों को भी फायदा पहुंचेगा।
वर्जन
लाइन डालने का काम ग्रामीणों के विरोध के कारण बंद कराया गया है। ग्रामीणों से वार्ता कर आपसी सहमति बनायी जायेगी। किसी भी तरह से ग्रामीणों को समस्या नहीं होने दी जायेगी। प्रोजेक्ट जल्द पूरा होगा। - राम बुझारत, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड-प्रथम