उन्नाव/सोनिक। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर डायवर्जन प्वाइंट के नजदीक गड्ढे भरने का काम शुरू होते ही सोमवार शाम सात बजे से यातायात प्रभावित होने लगा। कुछ ही समय में जाम में फंसकर वाहनों की कतारें तीन किलोमीटर तक पहुंच गईं। इसकी जानकारी पर जिम्मेदारों ने डायवर्जन समाप्त कराया, तब कहीं जाकर रात 11 बजे के करीब यातायात सुचारू हो सका।
मेरठ से प्रयागराज तक बन रहे गंगा एक्सप्रेसवे का अंडरपास कानपुर-लखनऊ हाईवे पर सोनिक मोड़ के नजदीक बन रहा है। अंडरपास निर्माण के चलते सोनिक से बसीरतगंज के बीच 200 मीटर दूरी में रूट डायवर्जन किया गया है। इस जगह पर एक ही लेन से दोनों तरफ के वाहनों का आवागमन हो रहा है। उधर, कार्यदायी संस्था पूरे हाईवे की सड़क की मरम्मत कर रही है। सोमवार शाम सात बजे के करीब 200 मीटर क्षेत्र में गड्ढे भरने का काम शुरू हुआ। एक ही लेन से वाहनों का आवागमन होने से जाम लगने लगा। देखते ही देखते तीन किलोमीटर क्षेत्र में वाहनों की कतारें लग गईं।
रात 10 बजे के करीब जाम दही चौकी तक पहुंच गया। इससे वाहन सवार बेहाल हो गए। तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन सवारों को आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। जाम को देखते हुए कुछ देर के लिए डायवर्जन खत्म कर वाहनों को अलग-अलग दिशा की लेन से निकाला गया, तब रात 11 बजे स्थिति सामान्य हो सकी।