फतेहपुर चौरासी (उन्नाव)। कालीमिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर हिंदूपुर गांव के सामने गंगापुल पर रविवार शाम पांच बजे एक बाइक सवार चार लुटेरे डाक बाबू और उनके साथी को पीटकर बैग लूट लिया। वह कानपुर से प्रशिक्षण लेकर लौट रहे थे। एएसपी, सीओ थाना पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। पीड़ित ने बताया कि बैग में पांच हजार रुपये व कागजात थे।
सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव दबौली निवासी राजेंद्र कुमार राठौर सफीपुर पोस्टआफिस में डाकबाबू के पद पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि इस समय उनका विभागीय प्रशिक्षण कानपुर मुख्यालय में चल रहा है। रविवार को प्रशिक्षण के लिए बुलाया गया था। सुबह 10 बजे तालिबपुर रहलीगांव के साथी चौधरी प्रसाद के साथ प्रशिक्षण के लिए गए थे। शाम पांच बजे लौटते समय वह बाइक चला रहे थे। साथी पीछे बैठा था। एक छोटा बैग बाइक की टंकी पर रखा था। काली मिट्टी-शिवराजपुर मार्ग पर थानाक्षेत्र के हिंदूपुर स्थित गंगापुल के पास एक बाइक पर ही सवार चार युवक आए और उनकी गाड़ी रुकवाकर मारपीट की। इसके बाद टंकी पर रखा बैग लूटकर शिवराजपुर की ओर भाग निकले। लूट की सूचना पर पहले एसओ ज्ञानेंद्र कुमार, फिर सीओ मधुपनाथ मिश्र फोर्स के साथ पहुंचे। घटनास्थल पर जांच के बाद पीड़ित को थाने लाए। यहां एएसपी दक्षिणी प्रेमचंद्र ने पीड़ित से जानकारी की। उसके बाद सीएचसी ले जाकर मेडिकल कराया।
एएसपी प्रेमचंद्र ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना के खुलासे के लिए टीमें लगा दी गई हैं। सीसीटीवी के माध्यम से लुटेरों की पहचान और तलाश शुरू की जा रही है।
अनियंत्रित ट्रैक्टर मकान का शटर तोड़ अंदर घुसा, 40 हजार का सामान क्षतिग्रस्त
सफीपुर। कस्बा मियागंज के मोहल्ला छोटी बाजार निवासी रामबाबू की घर पर ही छोटी सी मिठाई की दुकान है। रविवार देर शाम वह दुकान बंद कर खाना खाने के बाद लेटा था। तभी बांगरमऊ की ओर से आ रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर शटर तोड़ते हुए अंदर घुस गया। इससे रामबाबू के घर में रखी टीवी व अन्य गृहस्थी का सामान क्षतिग्रस्त हो गया है। गनीमत रही कि गृहस्वामी रामबाबू हादसे में बाल-बाल बच गया। रामबाबू ने 40 हजार का नुकसान बताया है। आसीवन थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। (संवाद)