माखी थानाक्षेत्र के हरदोई-उन्नाव मार्ग पर रामसिंहखेड़ा गांव के पास दुकान पर खड़े चार बदमाशों में एक के जेब से कारतूस नीचे गिर गए। यह देख पड़ोसी दुकानदार ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों युवकों को पकड़कर तलाशी ली। उनके पास से 315 बोर के दो तमंचे व चार कारतूस बरामद हुए।
पकड़े गए युवकों में थाना बिहार के मिल्लीपुर गांव निवासी श्रवण कुमार पुत्र रामचंद्र, प्रदीप पुत्र श्रीकेशन, सोनू पुत्र श्रीजन व माखी थाना के राजेश पुत्र नन्हकऊ निवासी डीहा शामिल हैं। सीओ सफीपुर ने बताया कि आरोपी श्रवण आवास विकास कालोनी में अपनी बहन के यहां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने साथियों के साथ जा रहा था। सीओ के मुताबिक श्रवण ने पूछताछ में बताया कि उसकी बहन ने काफी पहले उसके जेवर दबा लिए थे। काफी बार मांगने के बाद भी वह जेवर वापस नहीं कर रही थी। इससे श्रवण अपनी बहन से खुन्नस मानने लगा और इसी कारण बहन के घर में ही घटना को अंजाम देने की योजना बना डाली। सटीक सूचना पर इसे समय पर दबोच लिया गया। बताया कि चारों युवक शातिर किस्म के अपराधी हैं। इसमें प्रदीप पर हत्या व सोनू पर लूट के मुकदमे दर्ज हैं।