बोर्ड परीक्षा में परीक्षा दे रहे परीक्षार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था दूसरे दिन भी धड़ाम रही। कनेक्टविटी न मिलने से जेडी कार्यालय छात्र-छात्राआें की उपस्थिति ऑनलाइन नहीं जा सकी। इससे केंद्र व्यवस्थापकों ने मैन्युअल व्यवस्था के तहत ही उपस्थिति डीआईओएस कार्यालय में दर्ज कराई।
शुक्रवार को सुबह पाली में हाईस्कूल में संगीत इंटरमीडिएट में गृह विज्ञान विषय का पेपर था। हाईस्कूल में एक भी परीक्षार्थी का पंजीकरण नहीं था जबकि गृह विज्ञान में 3648 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें 3325 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए 323 ने परीक्षा छोड़ दी। केंद्र व्यवस्थापकों ने एप के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति भेजने का प्रयास किया लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। इस पर एक सैकड़ा केंद्र व्यवस्थापकों ने डीआईओएस को इस प्रक्रिया के तहत उपस्थिति भेजने के लिए लिखित में मना कर दिया। वहीं कुछ केंद्र व्यवस्थापकों ने फोन से उपस्थिति ऑनलाइन न जाने की जानकारी दी। इससे पहले की मैन्युअल व्यवस्था ही उपस्थिति भेजनी पड़ी। डीआईओएस देवकी सिंह ने बताया कि एप व्यवस्था सभी केंद्रों पर सफल नहीं हो पा रही है। इसलिए कुछ केंद्र व्यवस्थापकों ने इस व्यवस्था के तहत उपस्थिति भेजने से मना किया है। उनसे मैन्युअल उपस्थिति ली जा रही है।