कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद का माला पहनाकर स्वागत करते भाजयुमो पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : UNNAO
हसनगंज। मोहान बांगरमऊ रोड पर स्थित एक मैरिज लान में आयोजित भाजयुमो के युवा सम्मेलन में प्राविधिक शिक्षा मंत्री जितिन प्रसाद ने विपक्षियों पर जोरदार हमला बोला। युवाओं से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए कहा।
मंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि भाजपा के पास सोच, विचार, नेतृत्व व लक्ष्य है। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद से बाहर के उद्योगपति भी प्रदेश में फैक्टरियां खोलकर युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। राज्य में यदि भाजपा को मजबूत नहीं किया तो विकास पटरी से उतर जाएगा। पांच साल में प्रदेश सरकार ने जो विकास किया है वो अन्य दल हजम नहीं कर पा रहे हैं। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने एक सभा में सार्वजनिक तौर पर कहा था कि एक सूर्य है, एक धरती है और एक ही नरेंद्र मोदी है। योगी और मोदी रात दिन देश प्रदेश की सेवा में लगे हुए हैं। इसलिए सभी युवा एकजुट होकर 2022 के चुनाव में अभी से जुट जाएं और फिर से भाजपा सरकार बनाएं। विपक्षियों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकार में काम के लिए नेताओं को जिले बेचे जाते थे। यदि किसी को कोई भी काम कराना है तो पहले उन नेताओं से जाकर मिलना पड़ता था। उनकी झोली में पैसे डालने पड़ते थे। उन्हीं के इशारों में पोस्टिंग, ठेकेदारी व काम दिए जाते थे। सांसद साक्षी महाराज ने कहा कि राम मंदिर निर्माण चल रहा है।
काशी विश्वनाथ बनकर तैयार हो गया है। अब मथुरा की बारी है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, विधायक बृजेश रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष शकुन सिंह, अरुण गोयल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष बालाराव गुप्ता, शशांक शेखर, वाणीकांत, मनीष राठौर, राहुल पंडित व दुर्गेश तिवारी मौजूद रहे। हालांकि सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री के बोलने से पहले ही काफी कुर्सियां खाली हो गईं।