उन्नाव। त्रिस्तरीय पंचायत की खाली सीटों पर दाखिल हुए नामांकन पत्रों की जांच के बाद सोमवार को नाम वापसी के दौरान नौ पर्चे वापस हुए। जिला पंचायत सदस्य (डीडीसी) की एक रिक्त सीट पर दो और प्रधान के सात दावेदारों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। इसके साथ ही चुनावी मैदान में अब ताल ठोंकने के लिए 21 प्रत्याशी बचे हैं।
जिला पंचायत सदस्य सीट सिकंदरपुर कर्ण प्रथम की खाली सीट पर रविवार को सात दावेदारों ने नामांकन कराया था। सोमवार को नाम वापसी के दौरान दो पर्चे वापस ले लिए। पांच प्रत्याशी मैदान में बचे। जिला प्रशासन ने सभी को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिए। फतेहपुर चौरासी ग्रामीण की रिक्त प्रधान सीट पर चार दावेदारों में दो ने नाम वापस ले लिया। हसनगंज की भोगला पंचायत में भी प्रधान पद के दो ही उम्मीदवार मैदान में हैं। दोनों ही पंचायतों में प्रधान पद के लिए कड़ा मुकाबला होने की उम्मीद है। हसनगंज की ही हसनापुर में चार के पर्चा वापस लेने के बाद चुनावी ताल ठोंकने के लिए मैदान में बचे छह उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया गया। सुमेरपुर की देवारा में कोई भी पर्चा वापस नहीं हुआ। यहां पर पांच प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।
जिले में बीडीसी की रिक्त तीन सीटों पर भी उपचुनाव होने हैं। इसमें बिछिया की तौरा बीडीसी सीट पर एक भी नामांकन नहीं हुआ। इस कारण सीट फिर खाली रह गई। यह सीट भी एसटी के लिए ही आरक्षित थी। मियागंज में बनौनी क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए पांच पर्चे दाखिल हुए थे। हसनगंज में दयालपुर कुरौली वार्ड से क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए दो दावेदारों ने पर्चा दाखिल किया था। इन दोनों सीटों पर कोई भी पर्चा वापस नहीं हुआ। इस कारण सभी प्रत्याशी मैदान में हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी (पंचायत/निकाय) डॉ. संजय द्विवेदी ने बताया कि 12 जून को मतदान और 14 जून को मतगणना होगी।