नवाबगंज (उन्नाव)। अजगैन कोतवाली क्षेत्र में स्थित होटल गीता गार्डेन में तीन दिन पहले सपा पदाधिकारियों द्वारा बिना अनुमति बैठक करने पर पुलिस ने सपा एमएलसी समेत आठ नामजद और 35 अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज की है।
आठ मई को कानपुर-लखनऊ हाईवे किनारे एक होटल में सपाइयों ने सभी निर्वाचित सदस्यों का सम्मान किया था। सपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव ने बैठक को औपचारिक और परिचयात्मक बताया था। कार्यक्रम में कई कद्दावर नेता मौजूद रहे थे। सोमवार को पुलिस ने इस मामले में रिपोर्ट दर्ज की है।
जिन पर रिपोर्ट दर्ज हुई है उनमें सपा एमएलसी सुनील सिंह साजन, पूर्व विधायक उदयराज यादव, जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव, अरुण शंकर उर्फ अन्ना शुक्ला, अशोक चंदेल, अनिरुद्ध चंदेल व सेवकलाल रावत समेत गीता गार्डेन के मालिक सुनील गुप्ता व 35 अज्ञात लोगों पर लॉकडाउन व धारा 144 का उल्लंघन करने के अलावा माहामारी अधिनियम की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।