उन्नाव। प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर दोस्त की हत्या के मुख्य आरोपी रो पुलिस ने जेल भेज दिया है। वहीं, घटना में शामिल दो नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा है। गंगाघाट क्षेत्र के सहजनी निवासी सुमित (21) की मसवासी निवासी दोस्त श्याम ने प्रेम प्रसंग में बाधक बनने पर बीते गुरुवार रात कांशीराम कालोनी निवासी अपने दो नाबालिग साथियों की मदद से हत्या कर दी थी। घटना की जांच में जुटी पुलिस ने सर्विलांस की मदद से हत्यारोपी श्याम को गिरफ्तार कर लिया था।
पूछताछ में उसने घटना की वजह सहित पूरा सच उगल दिया। उसकी निशानदेही पर कोतवाली पुलिस ने उसके दोनों नाबालिग साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया था। सोमवार को मुख्य हत्यारोपी श्याम को जेल भेजा है। कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार मिश्र ने बताया कि नाबालिग आरोपियों में एक 15 और दूसरा 17 साल का है। दोनों को बाल सुधार गृह भेजा गया है।