उन्नाव/सोनिक। कानपुर-लखनऊ हाईवे पर एनएचएआई ने सोमवार को सुबह नौ बजे से मुर्तजानगर में सड़क बनाने का काम शुरू किया। पुरवा मोड़ के डायवर्जन स्थल से पहले कानपुर जाने वाली लेन पर आधी सड़क की खोदाई होती रही और आधी सड़क से यातायात निकाला गया। खोदाई और सफाई से उड़ रहे धूल के गुबार ने सांस लेना दुश्वार कर दिया। वहीं, एक बस और डंपर खराब होने से जाम लगा रहा। सुबह नौ से शाम पांच बजे तक यातायात रेंगता रहा।
एनएचएआई की ओर से कानपुर-लखनऊ हाईवे की सड़क बनाने का काम चल रहा है। सोनिक से लखनऊ के बनी तक एक लेन की सड़क बनाने के बाद अब मुतर्जनगर से कानपुर तक की सड़क बनाई जा रही है। निर्माण एजेंसी ने सोमवार सुबह नौ बजे लखनऊ से कानपुर जाने वाली लेन पर तीन किलोमीटर में सड़क की ऊपरी परत उखाड़ने के साथ ही उसकी सफाई और सड़क बनाने का काम शुरू किया। आधी सड़क से यातायात चालू रखा। धूल का गुबार उड़ने और यातायात रेंगने से लोगों को तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में 30 से 40 मिनट लगे। धूल की वजह से वाहन सवारों के लिए सांस लेना दुश्वार रहा।
यातायात रेंग ही रहा था कि दोपहर करीब 12 बजे लखनऊ से कानपुर जा रहा डंपर बशीरतगंज के पास खराब हो गया। इसी स्थान पर गंगा एक्सप्रेसवे के अंडरपास का काम होने से डायवर्जन लागू है। जैसे-तैसे वाहन निकल रहे थे, तभी मुर्तजानगर के पास लखनऊ की ओर से आ रही उन्नाव डिपो की एक बस खराब होने से हालात और बिगड़ गए। उस समय बस में 15 यात्री थे। चालक अमरनाथ ने ठीक करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। चालक ने बताया कि बस की वायरिंग खराब हो गई है। इससे स्टार्ट नहीं हो रही है। इसके बाद यात्री दूसरे वाहनों से रवाना हुए। कुछ देक बाद क्रेन की मदद से बस को रोडवेज वर्कशॉप ले जाया गया।
रोजाना जाम से जूझना पड़ता है
आवास विकास कालोनी निवासी रामू ने बताया कि वह लखनऊ में काम करते हैं। इससे रोज जाम का सामना करना पड़ता है। बस या दूसरे यात्री वाहन से रोज जाम में फंसने से अब वह अपनी स्कूटर से जाते हैं। बताया कि काम के चलते धूल उड़ती रहती है। एनएचएआई को इसके लिए भी ठोस कदम उठाने चाहिए। अत्यधिक धूल होने से आखों और सांस लेने में दिक्कत होती है।
जाम में फंसे कानपुर बादशाहीनाका निवासी वैन चालक राजकुमार ने बताया कि वह रोज सवारियां लेकर लखनऊ जाते हैं। हाईवे का जाम मुसीबत बना है। अगर निर्माण एजेंसी यातायात संचालन पर ध्यान दे तो इतनी समस्या नहीं होगी। बताया कि चालकों में पहले निकलने की होड़ से यातायात रोजाना उलझता है और जाम लगता है। इसके लिए कुछ व्यवस्था की जानी चाहिए।
बोले जिम्मेदार
सड़क बनाने के साथ ही यातायात का भी संचालन कराया जा रहा है। हाईवे का ट्रैफिक होने से कुछ समस्या होती है। इसीलिए अब एक लेन की आधी सड़क पर निर्माण और आधी से यातायात चलाया जा रहा है। पूरा प्रयास किया जा रहा है कि सड़क बनाने का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए. ताकि लोगों को ज्यादा परेशानी न हो।
- अभय कुमार, इंजीनियर, एनएचएआई
-
लखनऊ से कानपुर जा रही बस की वायरिंग में कुछ खराबी आ गई थी, चालक ने ठीक करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। बताया कि वर्कशॉप में मरम्मत कराई जा रही है।
- जीसी वर्मा, एआरएम उन्नाव डिपो