शहर के जामा मस्जिद के पास नमाज के दौरान रूटमार्च करते सिटी मजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता व सीओ सिटी याद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में 20 दिसंबर को जुमा की नमाज के बाद हुए प्रदर्शन को देखते हुए शुक्रवार को पुलिस पहले से ही सतर्क हो गई। सुबह कोतवाली में पुलिस बल को ब्रीफ करने के बाद एसपी ने सभी को उनके प्वाइंटों पर तैनात कर दिया गया। भारी पुलिस बल को देख दहशत के बीच नमाज के बाद सभी शांतिपूर्वक घर चले गए। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने जिले भर में मुस्लिम बहुल इलाकों में गश्त कर जायजा भी लिया।
20 दिसंबर को जुमा की नमाज के बाद शहर की जामा मस्जिद के बाहर नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में उग्र प्रदर्शन किया गया। कुछ अराजकतत्वाें ने पुलिस पर पत्थर फेंककर माहौल को बिगाड़ने का प्रयास किया पर पुलिस ने लाठी चटका सभी को खदेड़ दिया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देकर बवाल होने से बचा लिया। इस प्रदर्शन से सबक लेते हुए पुलिस ने शुक्रवार को जुमा की नमाज के दौरान हर परिस्थिति से निपटने की पहले से तैयारी कर ली थी। सुबह एसपी विक्रांतवीर ने पहले वायरलेस के जिले के सभी थानों की पुलिस को जामा मस्जिद और उसके आसपास के इलाकों में तैनात रहने के निर्देश दिए। इसके बाद सुबह 10 बजे सदर कोतवाली पहुंचकर यहां मौजूद पुलिस बल को ब्रीफ किया। सभी को निर्देश दिए कि कोई भी हिंसात्मक रूप अपनाने की कोशिश करे तो उससे सख्ती से निपटा जाए।
एसपी के निर्देश के बाद भारी मात्रा में पुलिस बल शहर की जामा मस्जिद और आसपास के मोहल्लों में तैनात हो गया। पुलिस बल को देख दहशत में कोई भी अशांति फैलाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। नमाज के बाद निकले किसी भी शख्स को पुलिस ने गुट बनाकर खड़े होने नहीं दिया। पुलिस की सतर्कता देख सभी शांतिपूर्वक अपने घर चले गए। पुलिस की मुस्तैदी से शुक्रवार को पूरे दिन माहौल बेहद शांतिप्रिय रहा। शाम को कोतवाली पुलिस ने रूट मार्च कर सुरक्षा का जायजा लिया। बांगरमऊ, आसीवन, सफीपुर, हसनगंज समेत अन्य थाना क्षेत्रों मेें भी पुलिस पूरे दिन अलर्ट रही।
20 दिसंबर को नागरिकता संशोधन कानून को लेकर उपद्रवियों ने माहौल खराब करने के लिए जामा मस्जिद के बगल में कब्रिस्तान के सामने वाली गली का सहारा लेकर पुलिस पर पत्थर फेंके थे। पुलिस ने भी लाठियां भांजकर सभी को खदेड़ा था। शुक्रवार को पुलिस की मुस्तैदी से इस गली में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।
जुमा की नमाज को देखते हुए पुलिस ने छोटा चौराहा और नगरपालिका से जामा मस्जिद की ओर जाने वाले मार्ग पर चौपहिया वाहनों का प्रवेश रोक दिया। पुलिस ने वाहनों को रोकने के लिए कई जगहों पर बैरीकेडिंग भी लगाई। लगभग दो घंटे तक चौपहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहा। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों पर भी पुलिस बल पूरे दिन तैनात रहा।