फतेहपुर चौरासी। एक सप्ताह पहले पुलिस हिरासत से फरार लूट के आरोपी को तलाशने में पुलिस नाकाम रही। हालांकि पुलिस ने घटना में शामिल अभियुक्त को रिमांड पर लेकर लूट के तीन हजार रुपये के सिक्के बरामद किए हैं।
आसीवन थानाक्षेत्र के गांव टिकरा निवासी बैंक मित्र छेदनू प्रसाद से नौ सितंबर को 3.30 लाख रुपये की लूट हुई थी। 19 सितंबर को मुठभेड़ में पुलिस ने लुटेरे अश्वनी को पकड़ा था। घटना में शामिल दो अन्य सहयोगी मुश्ताक और लकी के नाम सामने आए थे। 22 अक्टूबर को चौकी ऊगू की पुलिस ने लकी को पकड़ा था। पुलिस की लापरवाही से लकी पुलिस हिरासत से फरार हो गया था। चौकी से फरार होने से एसपी ने चौकी इंचार्ज और दो आरक्षियों पर कार्रवाई की थी।
एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस लकी को पकड़ने में नाकाम रही। 16 अक्तूबर को न्यायालय में आत्मसमर्पण करने वाले आरोपी मुश्ताक को पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लेकर उसकी निशान देही पर सफीपुर के पास बाग में गाड़े गए 10 रुपये के 300 सिक्के बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि कि फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।