उन्नाव। जैतीपुर-लखनापुर मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बाइक सवार वृद्धा की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा बेटा घायल हो गया। घायल को नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के परेंदा गांव निवासी शिवराजा (62) बेटे नरेश (35) के साथ बाइक से सोहरामऊ थानाक्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी बहन प्रेमा के घर गई थी। गुरुवार शाम करीब चार बजे घर लौटते समय जैतीपुर मार्ग पर लखनापुर गांव की नहर पुलिया के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी। तेज टक्कर लगने से बाइक में बैठी शिवराजा सिर के बल सड़क पर गिरी जबकि बाइक चला रहा बेटा नरेश बाइक सहित काफी दूर तक घिसटता चला गया।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल मां-बेटे को एंबुलेंस से नवाबगंज स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां डॉक्टर ने शिवराजा को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद भाग रहे डंपर को ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ लिया और चालक सहित पुलिस के हवाले कर दिया। अपराध निरीक्षक रामनारायण सिंह ने बताया कि डंपर कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।