-मरीज के बेड के पास ही होंगी जांचें, पैथोलॉजी रिपोर्ट मिलने में होगी आसानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मौरावां। कस्बे के रामलीला मैदान स्थित सौ बेड अस्पताल में प्वाइंट-ऑफ-केयर टेस्टिंग (पीओसीटी) लैब का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष ने फीता काटकर किया। इससे कई जांचें मरीज के बेड के पास ही हो जाएंगी। सैंपल लैब में भेजने की जरूरत नहीं होगी।
नगर पंचायत अध्यक्ष विवेक सेठ, उनकी पत्नी पल्लवी सेठ व सीएमएस डॉ. रवि नारायण अधौलिया ने लैब का उद्घाटन किया। कहा कि अस्पताल में इस लैब के शुरू होने से पैथोलॉजी रिपोर्ट आसानी से मिल सकेगी। वहीं कार्ड रूप में रिपोर्ट दी जाएगी। इस कार्ड के बनने के बाद रोगी देश भर में कहीं भी इलाज करवा सकते हैं। उनकी बीमारी का रिकॉर्ड ऑनलाइन देखा जा सकता है।
अध्यक्ष व सीएमएस ने अस्पताल की डॉ.नेहा कौल को उत्कृष्ट चिकित्सीय कार्य के लिए स्मृति चिह्न व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। अध्यक्ष ने पर्चा काउंटर, दवा भंडार, फार्मासिस्ट कक्ष, मेडिसिन विभाग, पैथोलॉजी और रिपोर्टिंग रूम का जायजा लिया। वार्ड में मरीजों का हालचाल जाना। इस दौरान जमुना शंकर तिवारी, अवधेश दीक्षित, डॉ.रवि अधौलिया, डॉ.विक्रम कटियार, डॉ.नेहा गुप्ता, डॉ. मनीषा, गीता, विनीत श्रीवास्तव, रेनू देवी और शुभम चौरसिया आदि उपस्थित रहे।