एसवीएम इंटर कॉलेज में कर्मिकों को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का प्रशिक्षण देते ट्रेनर।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। प्रशिक्षण में कार्मिको से कहा गया कि मतदान के दौरान किसी भी प्रत्याशी का आतिथ्य स्वीकार न करें। यदि किसी प्रत्याशी की दावत स्वीकार करेंगे तो इससे चुनाव की निष्पक्षता पर सवाल उठेगा। इसलिए कार्मिकों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
एसवीएम इंटर कालेज में कार्मिकों को दो सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। जिला विकास अधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को बहुत ही बारीकी से समझने की आवश्यकता है। कार्मिक बैलेट बाक्स के बारे में पूरी जानकारी अवश्य कर लें। उन्होंने बताया कि कोई भी कार्मिक नियमों का उल्लंघन नहीं करेगा।
निर्वाचन पूरी टीम भावना के साथ संपन्न कराया जाना है। इस दौरान प्रथम पाली में 50 और दूसरी पाली में 69 कार्मिक अनुपस्थित रहे। जिला विकास अधिकारी ने बताया कि अनुपस्थित कार्मिकों से चुनाव प्रशिक्षण में उपस्थित न होने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है। सभी का वेतन रोक दिया गया है। 15 अप्रैल को आयोजित प्रशिक्षण में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर लें। इसके बाद भी यदि अनुपस्थित रहे तो रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।