उन्नाव। पीसीएस परीक्षा के घोषित परिणामों में जनपद के कई होनहारों ने बाजी मारी है। कई होनहार उपजिलाधिकारी बने तो किसी का पुलिस उपाधीक्षक पद पर चयन हुआ है। इसके अलावा अन्य पदों पर भी जिले के कई मेधावी चयनित हुए हैं। उनके चयन पर अभिभावकों के साथ-साथ गुरुजनों व अन्य लोगों ने भी खुशी जताई है।
संत पूरनदास नगर निवासी रिटायर प्रशासनिक अधिकारी छोटेलाल के पुत्र सिद्धार्थ कुमार का उपजिलाधिकारी पद पर चयन हुआ है। उनकी माता माया देवी शिक्षिका हैं। सिद्धार्थ इससे पहले 2012 में भी पीसीएस परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। उस समय उनका चयन बीडीओ के लिए हुआ था। इससे संतुष्ट न होकर सिद्धार्थ ने तैयारी जारी रखी। वर्ष 2009 में उनका बैंक पीओ के पद पर चयन हुआ था। अपनी इस उपलब्धि पर सिद्धार्थ का कहना है कि अब उनका सपना पूरा हुआ है।
इसी तरह मौरावां के रहने वाले विकास जायसवाल और बांगरमऊ के कबीरपुर निवासी योगेंद्र सिंह पटेल नीरज का चयन डिप्टी एसपी पद पर हुआ है। योगेंद्र पिछले तीन सालों से दिल्ली और लखनऊ में रहकर लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रहे थे। पिता सतेन्द्र सिंह सेवानिवृत्त शिक्षक व मां तपेश्वरी गृहणी हैं। योगेंद्र ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता और बड़े भाई राघवेन्द्र सिंह को दिया है।
वहीं योगेंद्र के रूममेट और नगर में मार्केटिंग इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हर्षवर्धन यादव ने भी पीसीएस परीक्षा में सफलता पाई है। उनका चयन उपनिबंधक पद पर हुआ है। वहीं, विकास के पिता का मौरावां कस्बे में मेडिकल स्टोर है। पूर्व में दी गई पीसीएस परीक्षा में विकास जायसवाल का चयन लोअर पीसीएस में हुआ था। पिछले चार माह से वह बुलंदशहर में पूर्ति निरीक्षक के पद पर तैनात थे। उनकी इस कामयाबी पर सुमित जायसवाल, राहुल, अतुल जायसवाल ने मिठाई बांटी और खुशी जताई। हर्षवर्धन असोहा ब्लाक के ग्राम सेरसहा के निवासी हैं। दोनों के चयन पर क्षेत्र के शिवकुमार कनौजिया, शांतिस्वरूप मिश्रा, उपेंद्र पटेल, विपिन कटियार व पप्पू यादव आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, कुसुंभी गांव के रहने वाले व वर्तमान में अलीगढ़ में श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पद पर तैनात अंबुज सिंह का चयन असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर के पद पर हुआ है। अंबुज के पिता सहायक विकास अधिकारी रहे हैं। माता कुसुम सिंह गृहिणी हैं। बड़े भाई नीरज व बहन नीलम सिंह के अलावा दीपू सिंह भौली, सौरभ सिंह, गौरव सिंह, मोनू सिंह, बसंत तिवारी आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।