उन्नाव। बड़े चौराहे से कचहरी रोड पर जाने वाली सड़क पर स्थित दुकानों व मकानों को खुद ही लोगों ने मजदूर लगाकर तुड़वाया। जिला प्रशासन से मोहलत मिलने के बाद ज्यादा नुकसान से बचने के लिए लोगों ने खुद ही यह कदम उठाया। उधर, कभी हर समय गुलजार रहने वाले बड़े चौराहे की मार्केट अब पूरी तरह से वीरान नजर आ रही है। जगह-जगह मलबे के ढेर नजर आ रहे हैं।
मालूम हो कि कचहरी क्रासिंग पर बन रहे आरओबी की सर्विस लेन की जद में बड़े चौराहे से कचहरी जाने वाले मार्ग पर स्थित कई दुकान व मकान आ गए हैं। जिला प्रशासन द्वारा नोटिस देने के बाद भी जब लोगों ने अवैध निर्माणों को नहीं तुड़वाया तो 14 और 21 जून को बुलडोजर की सहायता से इन्हें गिरवा दिया गया।
रविवार को अभियान के दौरान काफी दुकानें व मकान बच गए थे। इन लोगों ने जिला प्रशासन से मोहलत मांगी। मोहलत मिलने के बाद सोमवार को खुद मजदूर बुलाकर आशियाने व दुकानें गिरवाईं। बड़े चौराहे से लेकर कचहरी क्रासिंग तक चारों तरफ सिर्फ और सिर्फ गिराए गए मकानों व दुकानों के मलबे ही मलबे नजर आ रहे हैं।