घर में नमाज अदा करते बच्चे। संवाद
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व बुधवार को जिले में उल्लास से मनाया गया। लोगों ने कोविड गाइड लाइन का पालन कर अपने घरों में ही नमाज अदा कर कोरोना से निजात की दुआ की। घरों में ही कुर्बानी का एहतमाम किया गया। कुर्बानी का दौर सूर्यास्त की अजान होने पर थमा। सामूहिक नमाज व खुले में कुर्बानी पर रोक के चलते प्रमुख स्थानों पर पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी शांति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे।
कोरोना संक्रमण को लेकर जिला प्रशासन ने ईदगाह में नमाज अदा करने पर रोक लगाई थी। मस्जिदों में भी एक साथ पांच से अधिक लोगों के नमाज अदा करने पर रोक थी। लोगों ने इसका पालन किया और घरों में ही नमाज पढ़ी। फिर घरों में ही कुर्बानियों का दौर चला। मुस्लिमों ने एक दूसरे को बकरीद की बधाई दी। फोन पर बधाई देने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। सेवइयां व अन्य लजीज पकवानों का आनंद लिया।
डीएम रवींद्र कुमार, एसपी आनंद कुलकर्णी, एसडीएम सत्यप्रिय सिंह सहित अन्य पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। हसनगंज में बकरीद त्योहार पर कोरोना प्रोटोकाल पालन कराने के लिए एसडीएम प्रदीप वर्मा ने पुलिस बल के साथ सुबह से मोहान, न्योतनी सहित क्षेत्र की अन्य ईदगाहों और मस्जिदों का निरीक्षण करते रहे। मोहान चेयरमैन हयात रसूल, हाजी जुबेर, अनवर सिद्दीकी, मुन्ना जागा, न्योतनी चेयरमैन मनीष राठौर व मोहान के पूर्व चेयरमैन समरजीत यादव ने सभी को मुबारकबाद दी। बांगरमऊ नगर के सैयदवाड़ा स्थित वाकर मियां की दरगाह, मोहल्ला दरगाह शरीफ स्थित मीरा बाबा की मस्जिद, पुरबिया टोला की मस्जिद, मुकरियाना मोहल्ला मस्जिद, आलिम शाह की मस्जिद और फतेह खां की मस्जिद सहित नगर की सभी मस्जिदों में नमाज अदा की गई। पुरवा में भी लोगों ने मुल्क की तरक्की और सलामती की दुआ के साथ घरों में नमाज अदा की। सफीपुर, बीघापुर, नवाबगंज, अचलगंज, चकलवंशी, मियागंज सहित अन्य क्षेत्रों में भी पर्व उल्लास से मनाया गया।
एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की बधाई देते बच्चे। संवाद- फोटो : UNNAO