उन्नाव। छह साल पुराने छेड़छाड़ और मारपीट के एक मामले में न्यायालय ने आरोपी सोनू उर्फ सोनी और उसके पिता श्रीशंकर को दोषमुक्त कर दिया है। अभियोजन पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सका, साथ ही पीड़िता और उसकी मां अपने पूर्व बयानों से मुकर गईं। न्यायालय ने झूठी गवाही देने पर पीड़िता की मां के खिलाफ प्रकीर्ण वाद दर्ज करने का आदेश दिया है।
पुरवा थानाक्षेत्र की एक महिला ने 18 मार्च 2018 को एसडीएम को शिकायत दी थी। उसने बताया था कि दोपहर करीब एक बजे उसकी 16 वर्षीय बेटी खेत में घास काटने गई थी। कटहर गांव निवासी सोनू उर्फ सोनी ने उससे छेड़छाड़ की। पुलिस ने पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। विवेचना में सोनी के पिता श्रीशंकर पर भी धमकी देने का आरोप लगा था।
अपर सत्र न्यायाधीश शैलेन्द्र सिंह यादव के समक्ष सुनवाई हुई। अभियोजन ने पीड़िता और उसकी मां समेत छह गवाह परीक्षित कराए, पर मुख्य गवाह अपने बयानों से पलट गए। पीड़िता ने छेड़छाड़ से इंकार करते हुए बताया कि मामा की जमीन विवाद में रंजिश के चलते मां ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मां ने भी न्यायालय में खुद को घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताने से इंकार कर दिया। बयानों में विरोधाभास और साक्ष्य के अभाव में न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दोषमुक्त किया।