उन्नाव। सिंचाई विभाग संयुक्त कर्मचारी संघर्ष समिति ने सींचपाल सहित कई कई पद खत्म किए जाने का विरोध किया। पैदल मार्च कर कलक्ट्रेट पहुंचे कर्मियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा।
बुधवार दोपहर दो बजे समिति के जनपद शाखा संयोजक शैलेंद्र प्रताप के नेतृत्व में विभागीय कर्मी एकजुट हुए और कार्यालय से पैदल मार्च निकाला। कलक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन और नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को सौंपा। संयोजक शैलेंद्र प्रताप व सह संयोजक राजकुमार ने कहा कि सिंचाई विभाग के अति महत्वपूर्ण पद जैसे उपराजस्व अधिकारी, जिलेदार, मुंशी, सींचपाल, नलकूप चालक को खत्म करने का शासनादेश 14 मई को जारी किया गया है। इससे कर्मियों में रोष है।
बताया कि इन पदों को अनुपयोगी मानने से विभाग में नहरों व राजकीय नलकूपों के संचालन में परेशानी आएगी। इसलिए कर्मियों द्वारा इसका विरोध किया जा रहा है। कहा कि इसके पूर्व विरोध सभाएं की जा चुकी हैं। इसके बाद भी वार्ता नहीं की जा रही है। इसके विरोध में कर्मचारी प्रदर्शन करने को बाध्य हैं। ज्ञापन देने वालों में सिविल डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ के अध्यक्ष महतो, इलेक्टि्रशियन डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ नलकूप के अध्यक्ष दिग्विजय, श्याम शुक्ला, सिंचाई विभाग स्टेनोग्राफर संघ के अध्यक्ष राजकुमार शिवहरे, उमेश शुक्ला आदि शामिल रहे।