औरास। सीएचसी में चार दिन में मात्र पांच मरीजों के एक्सरे हुए हैं। अन्य मरीजों को बिजली न आने से मशीन नहीं चल पा रही है कहकर स्वास्थ्य कर्मियों ने वापस भेज दिया। जबकि अस्पताल में जनरेटर की व्यवस्था है।
क्षेत्र की 1.92 लाख जनता को समुचित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। औरास सीएचसी में हड्डी संबंधित मरीजों के एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। सीएचसी में रोजाना औसतन 50 मरीज फ्रैक्चर व मांस पेशियों में खिंचाव के पहुंच रहे हैं। चार दिन में सीएचसी में 32 मरीज डॉक्टर को दिखाने के बाद एक्सरे कराने के लिए कक्ष पहुंचे, लेकिन यहां चार दिन में पांच मरीजों के ही एक्सरे हो पाए। अन्य 27 मरीजों को वापस कर दिया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों का कहना है कि लाइट न आने के कारण मशीन का संचालन नहीं हो पा रहा है। इससे लोगों को वापस करना मजबूरी है। जब लाइट आती है तो एक्सरे किए जाते हैं। 20 अप्रैल को खड़वल गांव निवासी सुषमा, 21 अप्रैल को जमालनगर निवासी सरला, रोशनी और 22 अप्रैल तालासरायं गांव निवासी जयदेवी, राजेश कुमार का ही एक्सरे हो पाया।
वहीं, लौटने वाले मरीजों में ढ़कौली के राजेश, जमाल नगर के विकास, औरास के छोटे लाल, पंचमखेड़ा के नेकराम रामकुमार, राजेंद्र कुमार, संदीप कुमार, संजेश, अवधेश ने बताया कि आठ दिन से एक्सरे कराने के लिए सीएचसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन एक्सरे नहीं हो पा रहे हैं। बताया कि बिजली न होने का बहाना बताकर स्वास्थ्यकर्मी वापस कर देते हैं। इतनी गर्मी में साइकिल से आते हैं और फिर वापस लौट जाते हैं। टेक्नीशियन राजेश कुमार ने बताया कि बिजली न आने से मरीजों को दिक्कत हो रही है।
बोले प्रभारी
बिजली न आने पर जनरेटर व्यवस्था है। जनरेटर चलाने का निर्देश दिया गया है। इसके बाद भी अगर जनरेटर नहीं चल रहा तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। -डॉ. अनूप, सीएचसी प्रभारी