बांगरमऊ। तेज रफ्तार आटो रिक्शा सड़क पर खड़े ट्रक में भिड़ गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि घायल हुए चार लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
फतेहपुर चौरासी थानाक्षेत्र के मेदपुर कोटरा गांव निवासी कल्लू सिंह (48) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र था। मंगलवार शाम को वह दिल्ली जाने के लिए घर से निकला था। बांगरमऊ में साधन न मिलने से वह आटो में बैठकर बिल्हौर जा रहा था।
बांगरमऊ-बिल्हौर मार्ग पर भुड्डा गांव के पास आटो सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से भिड़ गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल कल्लू सिंह को बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से लखनऊ ट्रामासेंटर रेफर कर दिया गया। लखनऊ ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे में आटो चालक समेत चार लोग घायल हुए हैं जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है।