भगवंतनगर में चोरो द्वारा तोड़ा गया दुकान का शटर दिखाता दुकानदार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव/पाटन। चोरों ने शनिवार रात सदर कोतवाली क्षेत्र में सपा नेता के घर चोरों ने चोरी का प्रयास किया। वहीं, बिहार थाना क्षेत्र में छह दुकानों के ताले तोड़कर करीब डेढ़ लाख का माल पार कर दिया। पुलिस जांच कर रही है।
सदर कोतवाली के गजौली गांव निवासी सपा नेता रामबहादुर यादव ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि शनिवार रात चोरों ने उनके दही चौकी में बने मकान को निशाना बनाया। मेन गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने जैकेट व हेलमेट को कब्जे मेें ले लिया। इसी बीच नीचे कमरे में रहने वाले किरायेदार रामजी ने चोराें को ललकारा तो वह भाग निकले।
बिहार थाना क्षेत्र के भगवंतनगर कस्बे में बीती रात चोरों ने धमाचौकड़ी मचाई।
सुमेरपुर-बक्सर मार्ग पर ढाबा में नकब लगाकर गल्ले में रखे सात हजार रुपये पार कर दिए। इसी मार्ग पर बाजपेईखेड़ा मोड़ के पास शिवकुमार की गुमटी में लगे शटर को तोड़कर चोरों ने 25 हजार रुपये व अन्य सामान पार कर दिया। इसी मार्ग पर कर्मेंद्र कुमार की दुकान का ताला तोड़कर लगभग 10 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। कस्बा स्थित शैलेंद्र गुप्ता, गप्पू एमके बनर्जी क्लीनिक, विवेक गुप्ता की दुकान से करीब बीस हजार का सामान पार कर दिया। पुलिस ने मौके पर जांच कर शीघ्र खुलासे का भरोसा दिलाया है।