अचलगंज। संपूर्ण थाना समाधान दिवस पर एएसपी अखिलेश सिंह ने अचलगंज थाने में जनशिकायतों की सुनवाई की। कुल 28 प्रार्थनापत्र आए, जिनमें 24 राजस्व से संबंधित रहे। मिट्टी खनन की शिकायत पर तीन का शांतिभंग में चालान किया गया।
बलउखेड़ा निवासी प्रेम शंकर ने बताया कि गांव से खेतों को जाने वाले चक रोड पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। अब खेतों में जाने के लिए मार्ग अवरुद्ध है। कोलुहागाड़ा में मिट्टी खनन का मामला पहुंचा। इसमें त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन का शांतिभंग में चालान कर दिया। 75 वर्षीय रिटायर्ड सैनिक ताजपुर निवासी रामकरण ने बताया कि गांव के ही लोगों ने जमीन पर कब्जा कर लिया है। टिकरी निवासी ठाकुर प्रसाद ने भी भूमि पैमाइश संबंधी प्रार्थनापत्र दिया। एएसपी ने संबंधित राजस्व अधिकारियों को पुलिस टीम के साथ मौके पर जाकर निस्तारण करने के निर्देश दिए।
आसीवन में अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेम चंद के पास मदारीखेड़ा निवासी धरीराम ने जबरन फसल काट लेने का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र दिया। कुल 16 शिकायती पत्रों में दो का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायती पत्रों का संबंधित उपनिरीक्षकों व लेखपालों को टीम बनाकर निस्तारण कराने के लिए कहा गया। थाना बीघापुर में एसडीएम रणवीर सिंह ने शिकायत की। थाना बिहार में नायब तहसीलदार विजय रंजन श्रीवास्तव और बारासगवर थानाक्षेत्र में नायब तहसीलदार दिनेश कुमार के पास शिकायतकर्ता पहुंचे। थाना बिहार में कुल नौ शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से तीन मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
-
कानूनगो ने सुनी शिकायतें, कार्यालय में बैठे रहे अधिकारी
असोहा। थाना परिसर में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें सीओ अजय सिंह सहित अन्य अधिकारियों को शामिल होना था लेकिन थाना परिसर पर अधिकारियों की कुर्सियां खाली रहीं। अधिकारी एसओ कार्यालय में बैठे रहे। इसी के चलते अधिकारियों की कुर्सियों के पास छुट्टा मवेशी विचरण करते रहे। वहीं फरियादी दूसरी जगह पर चल रहे समाधान दिवस में कानूनगो विजय सिंह के सामने अपनी फरियाद लेकर पहुंचे। अधिकारियों के समाधान दिवस में कार्यालय के अंदर बैठे रहने के चलते लोगों में रोष रहा। इस संबंध में सीओ अजय सिंह ने बताया कि असोहा थाने के मालखाने का कमेटी बनाकर चार्ज ट्रांसफर होना था, जिसके चलते एसडीएम न्यायिक शालिनी तोमर सहित सभी सदस्य होने से चार्ज ट्रांसफर करा रहे थे। बड़ी समस्या के समाधान के लिए मौजूद रहे। (संवाद)