असोहा। थाना क्षेत्र के सधारीखेड़ा मजरे समाधा में घर की कच्ची दीवार गिरने से उसके नीचे लेटे वृद्ध की मलबे में दबने से मौत हो गई। जबकि पास में ही बैठी नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई।
शनिवार शाम थानाक्षेत्र के सधारीखेड़ा मजरे समाधा निवासी मलखे (65) व उसकी नातिन आरती (20) पुत्री अयोध्या घर में बैठे थे। तभी अचानक घर की कच्ची दीवार गिर गई जिसमें दोनों दब गए। चीख पुकार सुन घर के अन्य परिजनों सहित आसपास के लोग पहुंचे और आनन-फ ानन में मलबा हटाकर दोनों को बाहर निकाला।
एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी असोहा ले गए जहां डाक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सक ने मलखे को मृत घोषित कर दिया जबकि आरती का इलाज जारी है। उसकी भी हालत गंभीर बनी हुई है। अचानक हुए इस हादसे से घर के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि अभी तक उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।